फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

60 साल बाद अगस्त में रिकार्ड बारिश, यहां बादल फटने से मची तबाही

Sat, 25 Aug 2018 10:12 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल के निचले इलाकों में वीरवार रात भारी बारिश हुई। चंबा जिले के पांगी में बादल फटने से कई वाहन फंस गए। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में वीरवार रात को साठ साल बाद अगस्त में रिकार्ड 292.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
विज्ञापन


इससे पहले 6 अगस्त 1958 को शहर में 316.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई थी। मानसून सीजन के दौरान दस जुलाई 1998 को धर्मशाला में सबसे अधिक 381.7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई थी।

भारी बारिश के चलते शुक्रवार को कांगड़ा जिला सहित मंडी के पधर और चंबा के डलहौजी और भटियात के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। बारिश के चलते प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे चंबा-भरमौर, पठानकोट-मनाली और किन्नौर के निगुलसेरी के पास एनएच-5 सहित 100 से ज्यादा सड़कें बाधित हुई हैं।  
विज्ञापन


 

शुक्रवार को कुल्लू-कांगड़ा में हवाई उड़ानें भी नहीं हुईं। राजधानी शिमला में दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई।चंबा जिले में भारी बारिश से चंबा-पांगी मार्ग पर बगोटू नाले में बादल फटने से नाले का जलस्तर बढ़ने से डेढ़ दर्जन वाहन रास्ते में फंस गए।

एक टैक्सी में सवार दस लोग व मटर की सप्लाई लेकर जाने वाले मालवाहक वाहन भी फंसे रहे। शुक्रवार सुबह छह बजे के करीब बिजली गिरने से चंबा जिले के हाई स्कूल पल्यूर की आईसीटी लैब और कैल लैब में रखे दस कंप्यूटर सहित सभी उपकरण, 42 इंच की एलईडी, थ्री इन वन प्रिंटर कम फैक्स मशीन राख हो गए।
 

डंगा गिरने से तीन गाडि़यां मलबे में दब गईं

चंबा और मंडी में दो-दो दर्जन और कुल्लू में एक दर्जन सड़कें बंद रहीं। ब्यास समेत सहायक नदी-नालों का जलस्तर उफान पर है। बैजनाथ के कंद्राल में डंगा गिरने से तीन गाडि़यां मलबे में दब गईं।

नूरपुर में करीब डेढ़ दर्जन मकान भूस्खलन से खतरे की जद में आ गए हैं। नगरोटा बगवां के समीप हटवास में 18 कमरों का दो मंजिला स्लेटपोश और कच्चा मकान ध्वस्त हो गया।  



 
विज्ञापन

हल्की राहत के आसार, 30 तक बरसेंगे बादल

प्रदेश में 30 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, चेतावनी न होने से राहत के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। रविवार से मंगलवार तक हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.0, सुंदरनगर में 31.0, भुंतर में 30.8, हमीरपुर में 30.4, चंबा में 30.2, कांगड़ा-बिलासपुर में 30.1, सोलन में 30.0, नाहन में 26.9, धर्मशाला में 25.6, शिमला में 23.5 और डलहौजी में 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

वीरवार रात को जोगिंद्रनगर में 127, पालमपुर में 98, बैजनाथ में 96, खेरी (चंबा) में 81, नगरोटा सूरियां में 64, सरकाघाट में 62, मंडी मे 28, नादौन में 26, बंजार में 27,  नैनादेवी में 22, ऊना में 16 और हमीरपुर में 10 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें