आईजीएमसी अस्पताल शिमला में मंडी से रेफर किए गए मरीज की दूसरी रिपोर्ट भी आईजीएमसी में पॉजिटिव आई है। आईजीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस दौरान अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा मरीज के तीमारदार अस्पताल में जहां-जहां गए हैं, वहां पर तैनात स्टाफ को भी एहतियात बरतने को कह दिया गया है।
आईजीएमसी में सरकाघाट के 21 वर्षीय मरीज को किडनी की समस्या होने के बाद रेफर किया गया था। देर रात मरीज आईजीएमसी अस्पताल आया था। इस मरीज का इलाज कर रहे चिकित्सक, स्टाफ नर्स और सफाई कर्मचारियों को क्वारंटीन पर भेज दिया है। वहीं, मंगलवार देर शाम आईजीएमसी में कोरोना वायरस संक्रमित युवक की मौत के बाद हंगामा हुआ। परिजनों ने शव को लेकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि जिस डेड बॉडी कवर में मरीज को रखा जाना था वह उन्हें नहीं मिल पाया। लिहाजा देर शाम अधिकारियों को जब यह बात पता चली तब जाकर अस्पताल में डेड बॉडी कवर उपलब्ध करवाया गया।