गांव सलारू के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो द्वारा ट्रक को ओवरटेक करने
के चक्कर में बड़ी दुर्घटना हो गई। स्कॉर्पियो चालक ने बाइक को जबरदस्त
टक्कर मारी और गाड़ी अनियंत्रित होकर एक स्कूली बस में लगी।
इसमें दो छात्र
भी घायल हो गए। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार देहरादून स्थित गांव चकरो
के दस लोग घायल हो गए, जबकि बाइक में सवार तीन लोग भी घायल हो गए। घायलों
की संख्या पंद्रह है। इनमें से बाइक सवार की मौत हो गई। सभी घायलों को
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के लिए लेकर आए।
देहरादून वासी दो लोगों की गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया।
थाना सदर पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों
ने बताया कि करनाल स्थित माता गामड़ी निवासी सुनील (27) अपनी पत्नी पिंकी
तथा 10 माह के बच्चे सिवांस के साथ इंद्री के गांव खेड़ा से करनाल लौट रहा
था।
जैसे ही वह गांव सलारू के समीप पहुंचा तो तेज गति से ट्रक को ओवरटेक कर
रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक को चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में
बाइक सवार सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज से घायल सुनील,
पिंकी और सिवांस को परिजन निजी अस्पताल ले गए। जहां पर सुनील की मौत हो गई।
दूसरी ओर बाइक को टक्कर मारने के बाद गाड़ी एक स्कूल बस से जा टकराई।
स्कूल बस में दो छात्र घायल हुए, जिनको निजी अस्पताल में ले गए।
स्कॉर्पियो में सवार देहरादून के चकरो गांवा वासी देवेंद्र, मुकेश, ललित,
रमेश, जगत, बिल्ला, यशपाल, पिंकी, रवीना, अरुण घायल हो गए। समालखा के
चुलकाना गांव वासी कुलदीप भी घायल हो गया। देहरादून वासी घायलों ने बताया
कि वह पानीपत से शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस गांव लौट रहे थे।
डॉक्टरों ने गंभीर घायल देवेंद्र और बिल्ला को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
सदर थाना के जांच अधिकारी एसआई हुकम सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक के
खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।