राजकीय वरिष्ठ प्राथमिक पाठशाला दाड़गी में वार्षिक पुरस्कार समारोह के दौरान अचानक गिरे स्कूल के गेट की चपेट में आकर चार छात्राएं घायल हो गईं। इसमें से दो छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया। शनिवार को दाड़गी स्कूल का वार्षिक समारोह था।
कार्यक्रम के दौरान अचानक स्कूल के मुख्य गेट का कुंडा टूट गया और गेट के टूटने से चार छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं। चारों छात्राओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामी ले जाया गया। स्वास्थ्य केंद्र से दो छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। वहीं पांचवीं की नेहा और लीना आईजीएमसी रेफर कर दिया है।
आईजीएमसी में उपचार के बाद एक छात्रा की टांग में फ्रैक्चर और दूसरी छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग के उपनिदेशक श्याम सिंह ने बताया कि इस बात की अभी तक कोई सूचना नहीं है। स्कूल से इस हादसे की रिपोर्ट मांगी जाएगी।