सिरमौर जिले में बन रही रेणुका बांध परियोजना क्षेत्र में जमीनों की खरीद फरोख्त के नाम पर बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। कई रसूखदार लोगों ने किसानों से कौडि़यों के भाव जमीन खरीद कर सरकार से करोड़ों का मुआवजा ले लिया है। कुछ समय पूर्व ऐसे चंद मामले सामने आने के बाद अब सरकार के पास ऐसी कई शिकायतें पहुंची हैं। विधानसभा में भी यह मामला जोरशोर से उठा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सदन में स्पष्ट किया कि ऐसी कई शिकायतें सरकार के पास आ चुकी हैं।
अब हर शिकायत की सरकार गंभीरता से जांच करेगी। उन्होंने सदन में कहा कि ऐसे कुछ मामलों की पहले से भी विजिलेंस जांच कर रही है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक आशा कुमारी के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने रेणुका बांध क्षेत्र में किसानों की जमीनें सस्ती दरों पर खरीदीं और इनका करोड़ों रुपये मुआवजा लिया है, उनके खिलाफ छानबीन के बाद कड़ी कार्रवाई होगी।