सावड़ा कुडडू परियोजना(फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
111 मेगावाट की सावड़ा कुडडू परियोजना अप्रैल तक शुरू होगी। परियोजना शुरू होने के बाद प्रति वर्ष 120 करोड़ की आमदनी होगी। मौजूदा समय में एचपीपीसीएल के 100 मेगावाट के सैंज हाइड्रो प्रोजेक्ट तथा 65 मेगावाट के काशंग प्रोजैक्ट में बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। इससे सरकार को सालाना 208 करोड़ की आमदनी हो रही है। सावड़ा कुडडू परियोजना में बिजली उत्पादन शुरू होने पर सरकार को कुल आमदनी 328 करोड़ सालाना होगी। यह बात एचपीपीसीएल के निदेशक डीएस ठाकुर ने हाटकोटी में प्रेस वार्ता में कही।
कहा कि गुरुवार को सावड़ा कुड्डू परियोजना के डैम में जलभराव का कार्य शुरू किया गया। परियोजना टनल की टेस्टिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अप्रैल अंत तक परियोजना में बिजली उत्पादन आरंभ किया जा सकेगा। अप्रैल में ट्रांसमिशन लाइन मिलते ही परियोजना में बिजली उत्पादन शुरू होगा। उन्होंने बताया कि 111 मेगावाट की सावड़ा कुड्डू परियोजना का कार्य वर्ष 2007 में शुरू हुआ था। मुख्य सुरंग की खुदाई के दौरान प्रतिकूल परिस्थितियां पैदा हुईं। इस कारण परियोजना निर्माण में देरी हुई। अब परियोजना बनकर तैयार है।
सावड़ा कुड्डू परियोजना की प्रभावित पंचायतों के लिए 8.38 करोड़ की राशि लाडा के तहत विकास कार्यों को जारी की गई है। आईटीआई योजना के तहत 40,74,320 रुपये, स्कालरशिप योजना के तहत 295 छात्रों को 28,08,600 की राशि दी गई। स्वरोजगार योजना में 9,50,000 रुपये की राशि दी गई। आरआर प्लान की ग्रांट के तहत 1225 परिवारों को 2,73,62,210 रुपये की राशि दी गई। विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों की राशि खर्च की गई है। इस दौरान एचपीपीसीएल के मुख्य अभियंता वीके मानन सहित प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।