संसदीय क्षेत्र के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में सोमवार को हमीरपुर में हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। धूमल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा प्रदेश को एक सशक्त सरकार देगी।
धूमल ने कहा कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र का त्रिदेव सम्मेलन चार जून को तय किया गया है। इस सम्मेलन में मतदान केंद्र के अध्यक्ष, पालक और बीएलए भाग लेंगे। सम्मेलन के लिए पूरी रणनीति और जिम्मेवारियां भी तय की गईं।
प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। कहा कि प्रदेश में सरकार नहीं, माफिया राज चल रहा है। पार्टी प्रचार प्रसार में तेजी लाएगी और केंद्र की योजनाओं और प्रदेश सरकार की नाकामयाबियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर पदयात्रा अभियान चलाएगी।
पार्टी आने वाले समय में केंद्र की योजनाओं से लाभ लेने वाले लोगों के सम्मेलन भी आयोजित करेगी। पार्टी युवा वर्ग, महिला शक्ति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों का सम्मेलन आयोजित करवाएगी। पार्टी प्रदेश भर में निचले क्षेत्र तक अपनी गतिविधियां तेज करने जा रही है।
बैठक में ये नेता भी रहे मौजूद
मौके पर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रणधीर शर्मा, संगठन मंत्री पवन राणा, जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर, विजय अग्निहोत्री, वीरेंद्र कंवर, विक्रम ठाकुर, रिखी राम कौंडल, नरेंद्र ठाकुर, डा. अनिल धीमान, प्रवीण शर्मा, बलदेव शर्मा, बलदेव चौधरी, महिंद्र धर्मानी, राम सिंह,
सुरेश चंदेल, राजेश गर्ग, संजीव कटवाल, राकेश ठाकुर, अजय शर्मा, तेज प्रकाश चोपड़ा, अंकुश दत्त शर्मा, आदर्श कांत सहित लोस के सभी विधानसभाओं के मंडल अध्यक्ष और देहरा, बिलासपुर व ऊना के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।