पार्क के पुनर्निर्माण पर खर्च हुए 20 लाख रुपये
खास खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। संकट मोचन हनुमान मंदिर का पार्क वीरवार को आम जनता और विशेष तौर पर 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए खोल दिया। इस पार्क में प्रवेश शुल्क 20 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया है। पार्क में लगे झूलों, ट्रेंपोलिन और सीसॉ में खेलने से बच्चों का शारीरिक तथा मानसिक विकास होगा।
पार्क का उद्घाटन कच्चीघाटी वार्ड की पार्षद किरण शर्मा और मंदिर के प्रभारी अनूप चौहान सहित ट्रस्ट के सदस्यों ने किया। पार्क के उद्घाटन होते ही पार्क में खेलने के लिए बच्चे भी पहुंच गए। बच्चे इस दौरान ट्रेंपोलिन में उछलते कूदते नजर आए। वहीं स्लाइड वाले झूले सहित मिक्की माउस का भी बच्चों ने आनंद उठाया। इसके अलावा इस दौरान आम लोग भी पार्क में मैटनुमा घास पर चहल कदमी करते नजर आए। संकट मोचन पार्क 2004 में बना था। इसके बाद 2010 तक इसे इस्तेमाल किया गया लेकिन समय के साथ पार्क की सुंदरता कम होने लगी। इसके बाद उपायुक्त अनुपम कश्यप ने इसका निरीक्षण किया और इसका सौंदर्यीकरण करने का फैसला लिया।
अब यह पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया है। पार्क का पुनर्निर्माण लगभग 20 लाख रुपयों की लागत से हुआ है। यह पार्क पार्क विशेषकर 12 वर्ष और उससे कम उम्र के बच्चों के लिए बनाया गया है जिसमें खेल और मनोरंजन की सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। मंदिर के प्रभारी अनूप चौहान ने बताया कि यह पार्क उपायुक्त के सहयोग से नए लुक में नए साल में आम जनता को भेंट किया है। उन्होंने कहा कि अभी इस पार्क में बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 20 रुपये तय किया है।