बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का नाम अब होगा राजीव गांधी खेल परिसर, एक करोड़ रुपये राशि और राशि की जारी
विज्ञापन
चिट्टा जागरूकता वॉलीबाल स्पर्धा का किया शुभारंभ
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने को भी दी मंजूरी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली में मनाए जाने वाले होली मेले को जिला स्तरीय दर्जा मिल गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम के उद्घाटन समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने खेल स्टेडियम का नाम राजीव गांधी खेल परिसर करने की बात भी कही।
उन्होंने स्थानीय विधायक हरीश जनारथा के आग्रह पर बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम में पार्किंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक करोड़ रुपये जारी करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं जिससे हमारी युवा पीढ़ी चिट्टे जैसी बुराई से दूर रह सके। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने के लिए शपथ भी दिलाई। उन्होंने संजौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मंजूरी भी दी।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के तहत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली चिट्टा जागरूकता वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और विजेता टीम को एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम के शुभारंभ में मुख्यमंत्री ने राज्यभर से आई 13 टीमों की ओर से प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। इससे पहले शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने मैदानों में से एक है और एक बेहतर खेल मैदान विकसित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि शिमला में अन्य खेल मैदानों का भी विकास किया जा रहा है।