पुलिस अधिकारी को नौकरी से बर्खास्त करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंजाब के बरनाला में एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को राजधानी शिमला में सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। दोपहर 3:00 बजे सीटीओ चौक पर जमा हुए नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने पंजाब सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन में गदर फ्रंट अध्यक्ष रवि कुमार, कृष्णानगर पार्षद बिट्टू कुमार, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सोसायटी के अध्यक्ष प्रीतपाल मट्टू, सीटू राज्याध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, पूर्व पार्षद रजनी और कर्मचंद भाटिया भी मौजूद रहे। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि महिला कर्मी के साथ पुलिस अधिकारी के मारपीट करने की घटना शर्मनाक है। ऐसे पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर देना चाहिए। पंजाब सरकार ने अभी इस अधिकारी को निलंबित ही किया है, इसे बर्खास्त किया जाए। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष नागेश वाल्मीकि ने कहा कि पंजाब सरकार को इस घटना पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। गदर फ्रंट नेता रवि कुमार ने भी इस घटना का विरोध किया। साथ ही जंतर मंतर पर हुए लाठीचार्ज को भी गलत ठहराया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीसी सचिन शर्मा से मिला और उनके माध्यम से पंजाब सरकार को ज्ञापन सौंपा। इसमें संबंधित पुलिस अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।