दो दिन पहले मनाली पहुंचे ओमपुरी को चीनी सेना ने घेरकर प्रताड़ित किया। चीनी सेना द्वारा भारतीय सेना के खुफिया राज जानने के लिए ओमपुरी को थर्ड डिग्री टार्चर दिया गया। इतने में सलमान खान और सोहल खान अरबी घोड़े पर सवार होकर ओमपुरी को खोजते हुए चीनी खेमे में घुसे और उन्हें चीनी सेना के चंगुल से छुड़ाया।
हालांकि चीनी सेना ने पलटवार किया। लेकिन वे तीनों गोलियों की बौछार के बीच बचते-बचाते भारतीय सेना के रेस्क्यू कैंप के सदस्यों की सहायता से सही सलामत भारतीय सीमा में दाखिल हो गए। मनाली के रायसन में ब्यास नदी किनारे बने सेना की छावनी में उक्त दृश्य फिल्माए गए।
एक ओर भारतीय सेना का कैंप दिखाया गया है। तो करीब एक किलोमीटर दूर चीनी सेना का बेस कैंप दिखाया गया है। रविवार को सलमान खान और सोहेल खान ग्यारह बजे एक ही एसयूवी कार में सवार होकर रायसन पहुंचे। जबकि फिल्म के निर्देशक कबीर खान
और ओमपुरी सुबह ही इनोवा कार में सवार होकर सेट पर पहुंच गए थे। फिल्म कोआर्डिनेटर अनिल कायस्था ने बताया कि सलमान खान अपने स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रख रहे हैं। तड़के उठकर वे जिम भी जा रहे हैं।
चेहरा छुपाकर सलमान ने मनाली में देखी ‘फ्रिकी अली’
बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने मनाली स्थित पिक्काडली थियेटर में अपने छोटे भाई सोहेल खान के बैनर तले बनी फ्रिकी अली फिल्म देखी। सलमान ने रात नौ से बारह बजे का शो देखा। सिर पर टोपी और मुंह ढक कर फिल्म देख रहे सलमान खान को न तो थियेटर वाले पहचान सके और ही उनके साथ हाल में बैठकर फिल्म देख रहे दर्शकों को इसका पता चला।