प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में कार्यरत डीपीई का ग्रेड पे 1400 रुपये बढ़ा दिया है। राज्य भर में करीब 2200 डीपीई कार्यरत हैं, जिन्हें अब 3600 रुपये की जगह 5000 रुपये ग्रेड पे मिलेगा। बढ़ा हुआ पे स्केल 1, नवंबर 2014 से देय होगा।
सरकार ने एक, अक्तूबर 2012 को सभी वर्गों का ग्रेड पे बढ़ाया था, लेकिन डीपीई का नहीं बढ़ाया गया था। प्रिंसिपल सेक्रे टरी फाइनेंस की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश राजकीय अध्यापक महासंघ के अध्यक्ष विरेंद्र चौहान ने कहा कि उनके संघ ने डीपीई के इस मसले को सरकार से समक्ष रखा था। लंबे संघर्ष के बाद यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए था कि बढ़ा हुआ पे स्केल डीपीई को 1 अक्तूबर 2012 से मिलता।
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने से जूनियर, सीनियर से आगे निकल जाएंगे जो वरिष्ठ शिक्षकों के साथ अन्याय होगा। संघ शीघ्र ही इस मामले को लेकर फिर से मुख्यमंत्री से मिलेगा और पे स्केल 1 जुलाई 2012 से देने की मांग की जाएगी।