यूक्रेन से हिमाचल प्रदेश के चार और विद्यार्थियों की मंगलवार को वतन वापसी हुई है। मंगलवार सुबह नई दिल्ली में उतरीं दो फ्लाइट्स में ये विद्यार्थी आए हैं। इनमें से दो विद्यार्थी कांगड़ा और एक-एक चंबा और सोलन जिला से हैं। सोमवार को 16 विद्यार्थी लौटे थे। बता दें रूस-यूक्रेन के संकट के बीच आज यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने एक बार फिर से एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी भारतीय विद्यार्थी तत्काल प्रभाव से कीव शहर को छोड़ दें। बाहर जाने के लिए रेल, बस या अन्य साधन का उपयोग कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि रूसी सेना 24 घंटे के भीतर कीव शहर पर ताबड़तोड़ हमले को अंजाम दे सकती है, इसलिए एहतियातन भारतीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों को शहर छोड़ने के लिए कहा जा रहा है।
भारतीय विद्यार्थियों के लिए केंद्र चिंतित: अविनाश
प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को वापस लाने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं। रोमानिया सीमा तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों के साथ यहां पहले से ही पांच उड़ानें उतर चुकी हैं। पोलैंड और स्लोवाकिया की सीमाओं में भी सुविधाएं तैयारी की जा रही हैं। खन्ना ने बताया कि मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू व्यक्तिगत रूप से निकासी और एयर लिफ्टिंग प्रक्रिया की निगरानी के लिए वहां जा रहे हैं। यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिवारों से खन्ना ने अपील की है कि वे हौसला बनाए रखें।