रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के कारण यूक्रेन में फंसे लोगों के लिए उनके परिजन परेशान हैं। लडभड़ोल के एक युवक के दादा-दादी का भी यही हाल है। माता-पिता का देहांत हो चुका है। अब दादा-दादी को युवक की चिंता दिन-रात सता रही है। उधर, पोते के दोस्त ने दादा-दादी से शुक्रवार को फोन पर बात की है। बताया कि अभी तक वे सुरक्षित हैं और एक बंकर में छिपे हैं।
बताया कि अभी उनके आने का कोई प्रबंध नहीं हो रहा है। इससे वह चिंता में हैं। लडभड़ोल की बाग पंचायत के गांव छोटी बाग के विवेक सिंह पुत्र स्वर्गीय मनोहर सिंह यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर दादा-दादी चिंतित हैं। वह प्रशासन और लोगों से बार-बार पोते का कुशलक्षेम पूछ रहे हैं। विवेक सिंह के माता-पिता का देहांत हो चुका है। विवेक की पढ़ाई के साथ सभी जिम्मेदारियां दादा-दादी ही निभा रहे हैं।
विवेक के दादा होशियार सिंह ने विवेक और अन्य सभी लोगों को सकुशल भारत लाने की सरकार से गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा पोता भुवनेश सिंह भी फैजाबाद में चाचा के साथ रह रहा है। वह अस्वस्थ चल रहा है। दोनों बच्चों का खर्च दादा-दादी ही उठा रहे हैं। उधर, पंचायत बाग के प्रधान राजीव खान ने भी विवेक सिंह के सही सलामत घर वापसी के लिए सरकार से गुहार लगाई है।