बुधान स्कूल में विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुधान मे भारत राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। भारत राष्ट्रीय एकता महान व्यक्तित्व वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल को समर्पित है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर बुधान विद्यालय में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने लोह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल के जीवन परिचय व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
धर्मशाला में शीला चौक से दाड़ी मेला मैदान तक हुई दाैड़
भाजपा ने शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर धर्मशाला में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ लगते शीला चौक से शुरू हुई और दाड़ी मेला मैदान तक पहुंची। यहां भाजपा नेता ने जनसभा को संबोधित किया। मैराथन के लिए शीला चौक से दाड़ी मेला मैदान तक का सड़क मार्ग पूरी तरह से भाजपा के रंग में रंगा गया। सड़क के दोनों ओर भाजपा के झंडे लगे हुए थे।
मंडी: रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी हुईं शामिल
देश की एकता, अखंडता और सशक्त भारत के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज मंडी के पड्डल मैदान से लेकर सेरी मंच तक रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद इंदु गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया और आधुनिक भारत की नींव रखी। इस अवसर पर सेरी मंच के पास पूर्व मंत्री सदर के विधायक अनिल शर्मा और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिला अध्यक्ष निहाल चंद, भीम सेन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। नेताओं ने सरदार पटेल को देश की एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज देश की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर जिला सह प्रभारी भीमसेन, नगर निगम मेयर वीरेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री करण ठाकुर, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया, गोविंद ठाकुर, डॉ. वंदना, सुमन व अन्य मौजूद रहे।
चिंतपूर्णी थाना में एकता के लिए हुई दौड़
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर चिंतपूर्णी थाना में एकता के लिए दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समाज को एकता, सहिष्णुता और समरसता का संदेश देने का उद्देश्य रखा गया। थाना प्रभारी जयराम शर्मा तथा थाने के पूरे स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रियता दिखाई। स्थानीय टैक्सी चालक, भरवाईं सीनियर सेकंडरी स्कूल और आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों सहित क्षेत्र के नागरिकों ने भी इस दौड़ में भागीदारी निभाई। इस अवसर पर चिंतपूर्णी थाना पुलिस ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए समाज के सभी वर्गों को एकजुट रखने का संकल्प लिया। रा पुलिस थाना संसारपुर टैरेस ने दौड़ का आयोजन किया। इस दाैरान सरदार पटेल जयंती पर राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। मैराथन में 250 के करीब अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
बिलासपुर जिला पुलिस ने किया दाैड़ का आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों, विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौड़ को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। इस दौड़ में पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी और डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने भी भाग लिया। इसके अलावा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार ब्यूरो मुख्यालय बिलासपुर की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों ने एकता का संदेश दिया।