रांची में साउथ एशियन एथलेटिक्स गेम्स में हिमाचल के एथलीटों ने तीन पदक जीतकर देश का नाम चमकाया है। सोलन के नालागढ़ के ढांग उपरली गांव के संदीप सिंह ने 200 मीटर दौड़ में गोल्ड, हमीरपुर के उदयपुर गांव से संबंध रखने वाली ट्रक ड्राइवर की बेटी मनीषा कुमारी ने चार सौ गुणा चार मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण जीता है। चंबा की सीमा ने रजत पदक जीता। संदीप सिंह 22 पंजाब रेजिमेंट में हवलदार के पद पर वर्तमान में जम्मू में तैनात हैं। संदीप सिंह ने 21.23 सेकंड का समय निकाला। संदीप ने बताया कि वह पढ़ाई में सामान्य थे। इसलिए वह खेल में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करते रहे। इसी का ही नतीजा है कि वह आज इंडिया के लिए गोल्ड जीत पाए हैं। अब उनका सपना कॉमनवेल्थ गेम्स खेलने का है। इसके लिए मई और जून में ट्रायल होंगे। संदीप के पिता जसविंद्र सिंह ट्रक संचालक हैं। इधर, हमीरपुर के उदयपुर गांव की मनीषा कुमारी ने 400 गुणा 4 दौड़ में भारत को स्वर्ण पदक जीत कर देश का नाम चमकाया है। मनीषा के पिता रमेश चंद ट्रक ड्राइवर हैं और माता शीला देवी गृहिणी हैं। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भारतीय ने मनीषा को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है।