अगर आप बेरोजगार हैं और नौकरी की तलाश में हैं तो आज अपने दस्तावेज लेकर हमीरपुर पहुंच जाइये। नगर परिषद हमीरपुर के टाउन हाल में 13 दिसंबर को रोजगार मेला लगेगा। हिमाचल प्रदेश श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में हमीरपुर, ऊना और बद्दी समेत प्रदेश की लगभग 20 कंपनियां विभिन्न प्रकार के लगभग 2200 पदों पर भर्ती करेंगी।
इसमें मुख्य तौर पर असिस्टेंट केमिस्ट, मेकेनिक, मशीनिस्ट, फिटर, टर्नर, सिक्योरिटी गार्ड और अकुशल कारीगर शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। रोजगार मेले में 18 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के युवक भाग ले सकेंगे। विभिन्न श्रेणी के पदों के लिए 8वीं/ 10वीं/ 10 जमा 2 पास तथा बीएससी/ बीकॉम/ बीए/ बीसीए/बीबीए पास शैक्षणिक योग्यता रखी गई है।
इसके अतिरिक्त आईटीआई तथा डिप्लोमा इन मैटीरियल मैनेजमेंट व सिक्योरिटी गार्ड इत्यादि के पद भी भरे जाएंगे। चयनित युवाओं को श्रम विभाग के नियमों के मुताबिक कंपनी में वेतन व भत्ते समेत अन्य तमाम सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। योग्य तथा इच्छुक आवेदकों के लिए 13 दिसंबर को सुबह नौ बजे टाउन हाल हमीरपुर में रोजगार मेले में भाग लेना सुनिश्चित किया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी विजेंद्र राणा ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता /तकनीकी शिक्षा, स्थायी निवासी होने के मूल प्रमाणपत्र व रोजगार कार्यालय के पंजीकरण, पहचान पत्र तथा उनकी फोटो कापी साथ लानी होगी। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी हमीरपुर के कार्यालय में दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
रोजगार मेले में ये कंपनियां लेंगी साक्षात्कार
जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी बद्दी, ल्यूमैक्स ऊना, ब्लू स्टार कालाअंब, तपन फार्मेसी हमीरपुर, हाइटेक सतलुज कंपनी हमीरपुर, शिवशक्ति बायोटेक नादौन हमीरपुर, आईएफएस सिक्योरिटी और लुधियाना की फार्मास्यूटिक कंपनी समेत डेढ़ दर्जन कंपनियां भाग लेंगी। चयनित युवाओं को श्रेणी के हिसाब से 5600 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।