राजधानी शिमला में भवनों की छतों को लाल या हरे रंग से रंगने के लिए नगर निगम ने नोटिस देना शुरू कर दिए हैं। दो दिन में करीब 500 भवन मालिकों को नोटिस थमा दिए हैं। छतों को नहीं रंगने वाले शहर में चार हजार से अधिक भवन नगर निगम ने चिह्नित किए हैं। छतें नहीं रंगने वालों में कई सरकारी विभागों के दफ्तर भी शामिल हैं।
हाईकोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई में जुटे निगम प्रशासन ने शहरवासियों को 31 मार्च तक छतों को रंगने की अंतिम मोहलत दी है। शिमला में सरकारी, अर्ध सरकारी और निजी भवनों की छतों को लाल या हरे रंग से रंगना अनिवार्य कर दिया है। सोमवार से छतों को नहीं रंगने वालों को नगर निगम नोटिस जारी करेगा।
लापरवाह भवन मालिकों के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का केस चलाया गया। शहर के भवनों में एकरूपता लाने और सुंदरता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है। सहायक आयुक्त प्रशांत सरकेक ने सभी भवन मालिकों से 31 मार्च तक छतों को रंगने की अपील की है।
1500 परिवारों के कट जाएंगे बिजली कनेक्शन
वहीं, राजधानी शिमला में बिजली बिल का बकाया नहीं चुकाने वाले करीब 1500 परिवारों के शनिवार से कनेक्शन कटना शुरू होंगे। बोर्ड ने उपभोक्ताओं को शुक्रवार तक बकाया बिल जमा करने को कहा है। बिल जमा नहीं करवाने वालों के कनेक्शनों को अब बिना पूर्व सूचना के काटा जाएगा। 1500 उपभोक्ताओं के फरवरी माह के बिल अभी तक बकाया हैं।
खलीनी सब डिवीजन के तहत छह महीने से बिजली के बिल जमा नहीं करवाने वाले 500 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। न्यू शिमला, विकासनगर, देव नगर, बड़ा गांव, लोअर खलीनी, झंझीड़ी, नैहरा, रिड़का, आंजी, टुटीकंडी और कमलाही के करीब 500 उपभोक्ताओं ने छह महीने से बिल जमा नहीं किए हैं। इन उपभोक्ताओं के बकाया बिल दो हजार रुपये से अधिक हैं।
नोटिस के बाद कई उपभोक्ताओं ने तो बिल जमा करवा दिए लेकिन 500 उपभोक्ता अभी भी इस बाबत अंजान बने हैं। कसुम्पटी सब डिवीजन के तहत मैहली, शकराला, चैली, गुसान, दोची, मझार, क्वारा, कनोरा, पंथाघाटी, परिमहल, बसंत विहार, पुलिस कालोनी, गनोटी, कसुम्पटी, गोरखू लॉज और ब्यूलिया के बिजली उपभोक्ताओं को भी चेतावनी जारी की है।
इन उपभोक्ताओं को भी बीस मार्च तक बिल चुकाने की मोहलत दी गई है। कसुम्पटी सब डिवीजन के तहत करीब 600 उपभोक्ताओं का बिल बकाया है। सिटी डिवीजन में करीब 400 उपभोक्ता समय से बिल नहीं चुका रहे। अधीक्षण अभियंता सीके चतुर्वेदी ने इसकी पुष्टि की है।
कनेक्शन काटने से पहले एक मौका
समय पर बिजली बिल जमा नहीं करवाने वाले लोगों के कनेक्शन काटने से पहले बोर्ड के अधिकारी सभी डिफाल्टरों के घरों में दस्तक देंगे। मौके पर लोगों को बिल जमा करने को कहा जाएगा। अगर फिर भी बिल नहीं भरे तो बोर्ड कर्मी मौके पर ही कनेक्शन काट देंगे।