हमीरपुर की ग्राम पंचायत नारा के तहत गांव ज्याणा खरूणी, नारा ज्याणा व अन्य गांवों में गुरुवार रात को तूफान ने मक्की की फसल खराब कर दी। चंबा के मरेड़ी सिल्लाघ्राट मार्ग पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण अवरुद्ध हो गया। इस कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतें पेश आईं। विभाग ने मौके पर मशीनरी भेजकर मार्ग बहाल किया। इसके अलावा चंबा-जुम्महार मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ।
जिले में बारिश के बाद मार्गों पर भूस्खलन जारी है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सिरमौर और शिमला जिले की सीमा पर बने हिम शक्ति जलविद्युत परियोजना के बांध का पानी अचानक छोड़ने पर किसानों के 20 से ज्यादा खेत और उसमें बीजी गई फसल पानी के साथ बह गई।किसानों का आरोप है कि पावर प्रोजेक्ट द्वारा बांध के सभी गेट खोलने से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
इससे बांध का सारा पानी उनके खेतों में घुस गया। परिणामस्वरूप खेतों की सुरक्षा दीवारें भूमि कटाव की भेंट चढ़ गईं। उधर, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 36.0, बिलासपुर में 32.7, कांगड़ा में 31.9, भुंतर में 31.8, सोलन में 30.5, सुंदरनगर में 30.2, चंबा में 30.2, नाहन में 29.9, धर्मशाला में 27.6, शिमला में 24.2, केलांग में 23.9 और डलहौजी में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।