हरिपुर-क्वानू मीनस मार्ग पर शुक्रवार को पिकअप 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया है। हादसा तब हुआ, जब चालक गाड़ी से नीचे था और वाहन अचानक पीछे जाने लगा और खाई में गिर गया। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे विकासनगर से वाहन चूना लेकर हिमाचल प्रदेश के शिमला के नेरवा तहसील क्षेत्र के चौपाल जा रहा था। वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे।
हरिपुर-क्वानू मीनस मार्ग पर चालक वाहन सड़क पर खड़ा कर नीचे उतरा। इस दौरान अचानक वाहन पीछे की ओर जाने लगा। जब तक कोई कुछ समझ पाता वाहन 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम ने रेस्क्यू कर रोहित (19) पुत्र दिल बहादुर और मोहन लाल (25) पुत्र रतिराम के शवों खाई से बाहर निकाला। दोनों शिमला जिले चौपाल के रहने वाले हैं। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। गंभीर रूप से घायल विख्यात पुत्र जोगेंद्र सिंह भी चौपाल का ही रहने वाला है। तहसीलदार चकराता केडी जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सतलुज में मिला शव नहीं हो पाई शिनाख्त
वहीं, पुलिस थाना ब्रौ के तहत सतलुज नदी में एक शव मिलने का मामला सामने आया है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस ने निरमंड अस्पताल के शवगृह रखा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना रामपुर से ब्रौ थाने को सूचना मिली कि अवेरी गांव में सतलुज नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को सतलुज नदी से बाहर निकाला। पुलिस थाना ब्रौ के फोन नंबर 82196-81623 पर संपर्क कर सकते हैं। मामले की पुष्टि ब्रौ थाना के एएसआई रमेश ने की है। संवाद