तीन युवकों को कुचलने वाली कार।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नेरचौक में देर रात कार ने तीन प्रवासी युवकों को रौंद दिया। दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। देर रात कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और तीन युवकों को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक हितेश कुमार निवासी भंगरोटू, तहसील बल्ह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है। मृतक युवकों की पहचान शोएब पुत्र मोहम्मद रईस गांव सुभाष नगर और अरुण पुत्र मदन निवासी गांव मेरापुर मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक इमरान भी मुजफ्फरनगर से तालुक रखता है। युवक यहां पर मेहनत मजदूरी करते थे। उधर, एएसपी मंडी अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया है।