दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के जिला सिरमौर में थाना क्षेत्र राजगढ़ के तहत भनोग खड्ड के समीप मंगलवार देर शाम एक स्कार्पियो करीब 150 फुट गहरी खाई में गिर गई। दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया है।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को सोलन रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक, एसडीएम व डीएसपी मौके पर पहुंचे। प्राप्त जानकारी अनुसार पच्छाद क्षेत्र के डिंगर किन्नर निवासी ग्रामीण स्कार्पियो एचपी-71-1877 में सवार होकर डिब्बर गांव गए थे।
वह विवाह समारोह के कार्यक्रम से वापिस घर लौट रहे थे। देर शाम भनोग खड्ड के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में डिंगर किन्नर निवासी 7 लोग सवार थे। इनमें से रणवीर सिंह (42) पुत्र नाथू राम, रोहित (19) पुत्र धनवीर सिंह, कपिल (23) पुत्र मनमोहन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाए सभी घायल
घायलों को 108 व निजी वाहनों से सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे में घायल राहुल पुत्र नरजीत सिंह, विनीत पुत्र रमेश, अंजन पुत्र नितेंद्र सिंह व अजीत पुत्र बलिंद्र सिंह को गहरी खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 व निजी वाहनों से सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सोलन रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पच्छाद विस के विधायक सुरेश कश्यप, प्रदेश योजना बोर्ड उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर समेत प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल व अस्पताल पहुंचे। एसडीएम राजगढ़ प्रीतपाल सिंह राणा ने हादसे के शिकार तीन लोगों के पीड़ित परिजनों को 10-10 हजार तथा सभी घायलों के परिजनों को 5-5 हजार की फौरी सहायता राशि प्रदान की।
उधर डीएसपी राजगढ़ योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव खाई से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेज दिए गए हैं। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।