पिरड़ी राफ्टिंग सेंटर में एक सप्ताह का राफ्टिंग कोर्स करवाया जा रहा है। इसमें स्कूल के 50 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 18 लड़कियां भी शामिल हैं। स्कूल के विद्यार्थियों को रिवर राफ्टिंग के साथ रिवर क्राॅसिंग, तैराकी आदि के बारे में बताया जाएगा। रविवार को शिविर के चौथे दिन प्रतिभागियों को रिवर क्रॉसिंग करने के बारे में बताया। प्रतिभागियों ने रस्सी के सहारे नदी को पार करना सीखा। राफ्ट में बैठकर ब्यास की गहराई को भी नापा।
प्रशिक्षण में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी ने कहा कि कोर्स 12 अक्तूबर तक चलेगा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस तरह के कोर्स सेंटर की ओर से समय-समय पर करवाए जाते हैं। युवाओं को रिवर राफ्टिंग से जुड़े हर पहलू के बारे में बताया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।