राजधानी के आरकेएमवी में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में मॉडल में पद्म वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर के ऋषभ शर्मा ने पहला पुरस्कार जीता है। स्किट में चलाहल की टीम प्रथम तथा प्रश्नोत्तरी में के ग्रामीण जूनियर वर्ग में अढाल स्कूल अव्वल रहा।
शुक्रवार को बाल मेले के समापन समारोह में पर्यटन विकास निगम के उपनिदेशक हरीश जनारथा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की गतिविधियों में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
जिला विज्ञान पर्यवेक्षक टीएस विष्ट और संचालक लालचंद चंदेल ने बताया कि इन मुकाबलों में से अच्छा प्रदर्शन करने वाले 39 बाल वैज्ञानिक 14 नवंबर से मंडी में होने वाली राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मॉडल स्किट में इन्होंने पाए पुरस्कार
जिला स्तरीय बाल मेले में मॉडल वर्ग में पद्म स्कूल रामपुर के ऋषभ शर्मा ने पहला, सनशाइन स्कूल के सचिन ने दूसरा और ठियोग गर्ल्स स्कूल की दिव्या ने तीसरा स्थान पाया। गडाकुफर की मोहिता और नेहरा सुन्नी स्कूल की साक्षी को इस वर्ग का सांत्वना पुरस्कार मिला। स्किट में चलाहल थानी स्कूल पहले, पद्म ब्वॉयज स्कूल रामपुर द्वितीय और ग्लोरी पब्लिक स्कूल रोहड़ू तृतीय स्थान पर रहीं।
साइंटफिक प्रोजेक्ट में इनका हुआ चयन
मेले में साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट वर्ग में प्रथम रहने पर ग्यारह छात्रों का राज्य स्तरीय मेले के लिए चयन हुआ। इनमें पूनम शर्मा, आस्था भोटा, साहिल शर्मा, अनिल शर्मा, आकृति शर्मा, ज्योति शर्मा, आर्यन सांजटा, प्रवण सूद, ललित, श्रुति शर्मा और स्मृति ठाकुर शामिल रहीं।