एचपी यूनिवर्सिटी में छात्र हिंसा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बुधवार को नैक टीम के दौरे से पहले ही सुबह करीब सवा नौ बजे एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में फिर से खूनी संघर्ष हो गया।
पुलिस के समझाने के बाद भी छात्र जब नहीं माने तो पुलिस ने छात्रों पर लाठियां बरसा डाली। इससे पूरे कैंपस में अफरातफरी मच गई। पुलिस के लाठियां बरसाने के बावजूद छात्र नेता एक दूसरे पर लात और मुक्के बरसाते रहे।
हिंसा में दो छात्र बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। इन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। ये दोनों एसएफआई के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। भूमि सिंह और रविंद्र सिंह को चोट लगी है। मौके पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस जवानों ने भिड़ रहे कार्यकर्ताओं को खदेड़ा।
पुलिस ने एक एक कर पकड़े 22 कार्यकर्ता
करीब दस मिनट तक बने इस माहौल के बाद पुलिस जवानों ने स्थिति पर काबू पाया और एक एक कर हुड़दंग कर रहे कार्यकर्ताओं को गाड़ियों में भरकर थाने ले जाया गया। सुरक्षा के लिए खास तौर पर तैनात किए क्यूआरटी क्विक रिस्पांस टीम के जवानों ने भी छात्रों को एक एक कर पकड़ कर धर दबोचा और गाड़ियों में डाला।
इस दौरान मची भगदड़ में क्लास के लिए आ रहे आम छात्र और छात्राएं भी परेशान हुई। कुछ बीच में भी फंस गई। पुलिस मौके पर से ही दोनों संगठनों के 22 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया।
परिसर में हुई इस खूनी झड़प के बाद परिसर में एंट्री को लेकर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी। एचपीयू के मुख्य गेट पर महिला और पुरूष पुलिस जवानों ने इसके बार किसी को भी बिना चैकिंग और आई कार्ड के परिसर में एंट्री नहीं दी। चैकिंग के दौरान पुलिस को पांच छात्रों के बैग से राड और डंडे भी मिले।
एबीवीपी के 17 कार्यकर्ता पकड़े गए
पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी ने बताया कि समरहिल चौक पर सुबह एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। जिसमें दो एसएफआई के कार्यकर्ताओं को चोटें आई है। उन्होंने कहा कि समय रहते मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने स्थिति पर काबू पा लिया।
घटना में शामिल एसएफआई के पांच और एबीवीपी के 17 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि परिसर में हिंसा करने के आरोप में इससे पूर्व 15 एसएफआई कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए हैं।
एसपी ने की शांति की अपील
एसपी शिमला डीडब्लू नेगी ने दोपहर बाद एसएफआई के राज्य सचिव सुरेश सरवाल और एबीवीपी के नेता कौल नेगी से आपस में बातचीत कर परिसर में बने इस माहौल को शांत करने के लिए अपील की। इस पर सुरेश सरवाल ने कहा कि उनकी बातचीत हुई है।