हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में जनजातीय क्षेत्र जिला किन्नौर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी हेमराज बैरवा ने पंचायती राज चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है। किन्नौर जिले की 73 पंचायतों में 37 महिला प्रधान पद के लिए आरक्षित की गई हैं। 36 पंचायतें पुरुष प्रधान पद के लिए आरक्षित हैं। जिसमें निचार खंड से 11 महिलाएं, पूह खंड से 14 महिलाएं और कल्पा खंड से 12 महिलाओं के हाथ में कमान होगी। वहीं जिला परिषद के निर्वाचन वार्डों और पंचायत समिति कल्पा, पूह और निचार के सदस्य पदों और पंचायत समिति कल्पा, पूह और निचार के अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण भी जारी कर दिया है।
विकास खंड कल्पा के तहत प्रधान पद के लिए ग्राम पंचायत कामरू, सापनी, शौंग, ब्रुआ, मेंबर पांगी, थेमगरंग, सांगला, रोघी, कल्पा, पूर्वनी और युवारंगी अनुसूचित जनजाति महिला के लिए। चांसू, किल्बा, तेलंगी, छितकुल, बटसेरी, कोठी, पोवारी, दूनी, खवांगी, बारंग, रक्षम और शुदारंग पंचायतें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं, विकास खंड निचार के तहत प्रधान पद के लिए उरनी, पूनंग, नाथपा, निचार, मीरू, पौंडा, रूपी, तरांडा, सुंगरा, चौरा और यांगपा-2 पंचायत अनुसूचित जनजाति। ग्राम पंचायत यूला, यांगपा-1, छोटा कंबा, काफनू, रामनी, कटगांव, पानवी, बरी, चगांव, बड़ा कंबा और कराबा अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित हैं। विकास खंड पूह के तहत प्रधान पद के लिए सुमरा, शलखर, चांगो, नाको, हांगो, आसरंग, लिप्पा, लाबरंग, नेसंग, चारंग, ठंगी, रिब्बा, चुलिंग और अकपा खास पंचायतें अनुसूचित जनजाति महिला। ग्राम पंचायत लियो, नमज्ञा, पूह, सुन्नम, ज्ञाबुंग, जंगी, स्पीलो, कानम, मुरंग, रिस्पा, रारंग, रोपा और डुबलिंग अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।