भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के शोध में पंजाब के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में भूजल की गुणवत्ता में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इससे वहां के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ा है। इसके विपरीत हिमालयी नदियों से पोषित उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में पानी की गुणवत्ता तुलनात्मक रूप से बेहतर है। आईआईटी के अध्ययन में पंजाब के भूजल प्रदूषण पर चिंता जताई गई है। 20 साल में भूजल में काफी बदलाव आया है। शोध में निष्कर्ष निकाला गया है कि पीने और सिंचाई के लिए भूजल की गुणवत्ता की जांच पर राज्य सरकार को तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। आईआईटी मंडी की टीम ने कृषि अवशेषों और मानवीय गतिविधियों से होने वाले भूजल प्रदूषण के संबंध में यह शोध किया है। शोध का नेतृत्व आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ सिविल एंड एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. डीपी शुक्ला ने किया है। पीएचडी की छात्रा हरसिमरनजीत कौर रोमाना ने भी उनका सहयोग किया है। हरसिमरनजीत मूलरूप से पंजाब की निवासी हैं।
प्रो. शुक्ला ने कहा कि उनका लक्ष्य यह आकलन करना था कि पीने के पानी के लिए भूजल की गुणवत्ता 2000 से 2020 तक अलग-अलग स्थानों पर कैसे बदल गई है। इसमें नाइट्रेट और फ्लोराइड जैसे दूषित पदार्थों से जुड़े स्वास्थ्य खतरों में दस साल के रुझानों की जांच की गई। साथ ही विशेष रूप से निम्न भूजल गुणवत्ता वाले क्षेत्रों की पहचान भी की गई। इस व्यापक शोध के निष्कर्ष पर्यावरण विज्ञान और प्रदूषण अनुसंधान पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। इस पेपर को हरसिमरनजीत कौर रोमाना, प्रो. रमेश पी. सिंह और डॉ. डेरिक्स स्तुति शुक्ला के सहयोग से प्रकाशित किया गया है।
प्रोफेसर डा. डीपी शुक्ला ने बताया कि कैल्शियम 382 एमजी प्रति लीटर होता था जो अब 471 है। मैगनीशियम 439 एमजी प्रति लीटर से बढ़कर 666 हो गया। इससे पथरी का खतरा बढ़ता है। दक्षिण-पश्चिमी पंजाब में लोगाें में पथरी की समस्या भी बढ़ी है। खाद के अत्यधिक इस्तेमाल से नाइट्रेट 596 से 1306 हो गया। जबकि फ्लोराइड 7.2 से बढ़कर 8.6 हो गया। फ्लारोइड मानकों से कई गुना अधिक है। इस अध्ययन में पंजाब में 315 से अधिक स्थानों से पीएच, विद्युत चालकता (ईसी), और आयरनों की माप शामिल था। बता दें कि पंजाब की 94 प्रतिशत आबादी पीने के पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए भूजल पर निर्भर है। ऐसे में इस तरफ ध्यान देना बेहद जरूरी है।