समारोह को भव्य बनाने के लिए आयोजित बैठक में उपायुक्त ने विभागों को जारी किए आवश्यक निर्देश
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में 25 दल लेंगे हिस्सा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को इस बार ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। ऐसा पहली बार होगा जब रिज पर हेलीकॉप्टर से फूल गिरेंगे।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में लगभग 25 दल हिस्सा लेंगे। इसमें जेएंडके राइफल, आईटीबीपी, एसएसबी, पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ियां, सेना पाइप बैंड, यातायात पुलिस, पुलिस बैंड, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा, डाक सेवा, होम गार्ड बैंड, पूर्व सैनिकों का दल, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड्स, राज्य आपदा प्रबंधन समूह तथा पुलिस बैंड दल शामिल होंगे। परेड के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) और एएसपी (सिटी) नोडल अधिकारी होंगे। डीसी ने बताया कि बर्फबारी या बारिश की स्थिति में गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में लगभग 24 विभागों की झांकियां देखने को मिलेगी। समारोह में 22 जेएंड के राइफल्स, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हिम ऊर्जा, राज्य बिजली बोर्ड, पर्यटन विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, डीआरडीए, शिक्षा विभाग, नगर निगम शिमला, उद्यान विभाग, राज्य फोरेंसिक सेवाएं, वन विभाग, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग, परिवहन विभाग, हिमऊर्जा, युवा सेवाएं एवं खेल, मिल्कफेड, पर्यावरण, सीपीआरआई, दीपक प्रोजेक्ट और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकियां शामिल की जाएंगी। बैठक में उपायुक्त ने पशुपालन विभाग को 15 दिन में जिले के सभी बेसहारा पशुओं को गोशाला पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।