लोक निर्माण विभाग करवा रहा एक करोड़ से तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शेलटी के लोगों को मार्च तक सड़क की सौगात मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग सनहौट से शेलटी तक तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण मार्च के अंत तक पूरा कर लेगा। सड़क के निर्माण पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। विभाग पहले से मौजूद सड़क को चौड़ा करने और जलनिकासी का काम कर रहा है।
इलाके में पहले से ही लोगों की ओर से खुद बनाई हुई सड़क मौजूद है जिसकी हालत बहुत खराब है। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से पूरी सड़क को एक मीटर चौड़ा किया है। इसके अलावा सड़क के किनारे पर एक फुट गहरी नालियां भी बनाई हैं ताकि बारिश के पानी की निकासी हो सके। सड़क से नाले भी बहते हैं, सड़क पर कल्वर्ट लगाए गए हैं। सड़क का काम जनवरी 2023 में शुरू किया गया था। सड़क पर एक कल्वर्ट लगाया जाना बाकी है। इसके बाद सड़क को समतल करके स्थानीय निवासियों को सौंप दिया जाएगा।
सड़क बनने से इलाके के निवासियों को बेहतर यातायात की सुविधा मिल पाएगी। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता शिवम ठाकुर ने बताया कि सड़क का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मार्च तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।