रेणुका मिनी जू की शान एकमात्र शेरनी ममता ने दम तोड़ दिया है। 15 वर्षीय ममता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। अब रेणुका में मात्र निशु नामक शेर ही रह गया है। पिछले करीब 10 वर्षों से अधिक समय से शेर और शेरनी का एक जोड़ा अलग-अलग रखा गया था।
शेर की हालत को गंभीर होता देख विभाग ने कुछ माह पूर्व ही इनको एक साथ एक ही बाड़े में छोड़ दिया था, लेकिन विभाग की सोच उस समय उल्टी पड़ गई, जब शेर के बजाय शेरनी की मौत हो गई। विभाग ने शेरनी के शव का पोस्टमार्टम कर उसे जला दिया।
वन्य प्राणी विहार रेणुका के डीएफओ डा. सतीश गुप्ता ने बताया कि शेरनी की हालत सोमवार को गंभीर होने के कारण उसका उपचार चल रहा था। मंगलवार रात को उसने दम तोड़ दिया। उधर, वन विभाग के वाइल्ड लाइफ विंग ने सेंट्रल जू अथॉरिटी के साथ नए जोड़ों को जू में लाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ जेएस वालिया ने कहा कि विभाग ने नए एनीमल्स लाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जू के आकर्षण के लिए शीघ्र ही नए एनीमल्स को इसका हिस्सा बनाया जाएगा।