मेयर की अध्यक्षता में होगी बैठक
शिमला। शहर में नगर निगम की दुकानों का किराया घटाने के लिए तैयार किए नए प्रस्ताव पर शुक्रवार को सदन में चर्चा की जाएगी। मेयर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में होने वाली मासिक बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
शहर में नगर निगम की 987 में से 951 दुकानों का किराया तय किया जाना है। साल 2018 में दुकान के आकार के अनुसार किराया तय किया था, जिसका कारोबारी विरोध कर रहे हैं। अब नया प्रस्ताव पिछले किराये में 20 फीसदी की बढ़ोतरी करना है। इसमें जिन दुकानों का किराया कम है, उसे न्यूनतम 500 रुपये रखा जाएगा। हालांकि, सदन में न्यूनतम किराया पार्षदों के सुझाव के बाद ज्यादा भी किया जा सकता है। दुकान के आकार और बाजार को लेकर भी चर्चा होनी है। इस बैठक में शहर में नए एंबुलेंस रोड का निर्माण करने, पार्क, पार्किंग, सड़कों की टारिंग और मरम्मत जैसे नये प्रस्तावों पर भी अंतिम मुहर लगेगी। भाजपा पार्षदों की ओर से मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी सदन में चर्चा की जाएगी। इसके अलावा बीपीएल कार्ड बनाने, हिमकेयर कार्ड जारी न होने जैसे मामलों पर भी सदन गरमा सकता है।