महंगाई की दोहरी मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश के किसानों-बागवानों के लिए चुनावी साल में राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने 15:15:15 रासायनिक खाद पर फिर सब्सिडी शुरू कर दी है। इसकी अधिसूचना तीन दिन पहले जारी की गई है। किसानों-बागवानों को रासायनिक खाद 50 रुपये तक सस्ती मिलेगी। पहले बिना सब्सिडी 15:15:15 खाद का 50 किलो का बैग 1500 रुपये मिलता था। अब सब्सिडी के साथ यह बैग 1450 रुपये में मिलेगा। किसानों-बागवानों को लेबर के लिए पांच रुपये अतिरिक्त देने होंगे। हिमफेड के अनुसार प्रतिवर्ष साल के अंतिम एक से दो महीनों में सरकार रासायनिक खाद पर सब्सिडी खत्म कर देती है। इससे किसानों-बागवानों को खाद 1450 की बजाय 1500 में उपलब्ध होती है। अब सरकार ने फिर खाद पर 50 रुपये सब्सिडी शुरू कर दी है। इसका फायदा प्रदेश के लाखों किसानों-बागवानों को होगा।
फसलों की बिजाई और सेब में उपयोग होती है खाद
15:15:15 रासायनिक खाद का उपयोग फसलों की बिजाई में किया जाता है। इससे फसलों की पैदावार और गुणवत्ता अच्छी होती है। सेब के छोटे पेड़ों में खाद का इस्तेमाल किया जाता है। यह छोटे पेड़ों की बढ़ने की क्षमता को तेजी से बढ़ाती है। फल भी अच्छी गुणवत्ता का होता है। हिमफेड शिमला की एमडी इंद्रा ठाकुर ने बताया कि हर साल के अंतिम माह में 15:15:15 रासायनिक खाद की सब्सिडी खत्म हो जाती है। यह सरकार ही निर्धारित करती है। तीन दिन पहले सरकार ने फिर खाद पर सब्सिडी शुरू कर दी है। 1500 रुपये का बैग किसानों-बागवानों को 1450 रुपये में उपलब्ध होगा।