फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईकोर्ट की हरी झंडी, हिमाचल में तय शेड्यूल के अनुसार होंगी यूजी छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं

Tue, 18 Aug 2020 08:41 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

हिमाचल के कॉलेजों में एक दिन के लिए स्थगित छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं बुधवार से तय शेड्यूल से होंगी। प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंधन की याचिका पर हाईकोर्ट ने परीक्षाओं को करवाने को हरी झंडी दे दी है। मंगलवार को कोर्ट ने परीक्षाएं कुछ समय टालने संबंधी दायर याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने विवि प्रबंधन को स्वास्थ्य विभाग के कोरोना महामारी संबंधी एसओपी का पालन करने को कहा है। पुलिस को भी निगरानी का जिम्मा सौंपा है। हाईकोर्ट से परीक्षाएं करवाने की मंजूरी मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलपति ने कॉलेजों को पत्र जारी कर बुधवार से तय शेड्यूल के तहत परीक्षाएं करवाने को कह दिया है।

विज्ञापन


मंगलवार को स्थगित परीक्षाएं विश्वविद्यालय अंत में लेगा। इसकी सूचना अलग से दी जाएगी। मंगलवार को प्रदेश सरकार और विवि की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के नीट व जेईई की परीक्षाएं टालने से जुड़े मामले में आए फैसले के दृष्टिगत प्रदेश में भी स्नातक स्तर की परीक्षाएं टालना उचित नहीं होगा। यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षाएं निर्धारित समय में करवाई जानी हैं। सरकार और विवि की दलीलों से सहमति जताते हुए न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर और न्यायाधीश सीबी बरोवालिया की खंडपीठ ने परीक्षाएं टालने संबंधी याचिका खारिज कर दी।

विज्ञापन

परीक्षा रद्द होने से अंजान विद्यार्थी पहुंच गए कॉलेज

वहीं, यूजी छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं रद्द होने की सूचना से अंजान कई विद्यार्थी मंगलवार सुबह कॉलेजों में पहुंच गए। प्रदेश में कई जगह सुबह के समय कॉलेजों के बाहर विद्यार्थियों की भीड़ जुट गई। परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद विद्यार्थी निराश होकर घरों को लौटे।  प्रदेश हाईकोर्ट ने सोमवार सुबह करीब दस बजे छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं नहीं करवाने को लेकर आदेश जारी किए थे। कोर्ट का आदेश आने के बाद सोमवार को सुबह और शाम के सत्र के लिए प्रस्तावित परीक्षाएं तो ले ली गई लेकिन मंगलवार की परीक्षाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। शिक्षा मंत्री का परीक्षाएं लेने का वीडियो सोमवार दोपहर से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इसके बाद शाम के समय शिक्षा सचिव की ओर से विवि प्रशासन को परीक्षाएं लेने को लेकर जारी पत्र भी सोशल मीडिया पर छाया रहा। मंत्री और सचिव के बयानों के चलते विद्यार्थियों को भी लगा कि जब सरकार बोल रही  है तो परीक्षाएं होंगी ही, लेकिन देर शाम तक भी विश्वविद्यालय ने अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की। रात को करीब साढ़े नौ बजे विवि की ओर से जारी पत्र में मंगलवार को ली जाने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया। विश्वविद्यालय के इस पत्र की जानकारी कई विद्यार्थियों को नहीं लग सकी। जिसके चलते कई विद्यार्थी मंगलवार सुबह परीक्षा केंद्रों में एक घंटा पहले पहुंचने के लिए कॉलेजों में पहुुंच। कॉलेज पहुंचने पर परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलने पर विद्यार्थी निराश नजर आए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें