कोरोना वायरस के बीच एचपीयू शिमला ने हिमाचल प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। पीजी कोर्स की 15 मार्च से शुरू हो रही परीक्षाओं को विद्यार्थी अपने नजदीकी केंद्र में भी दे सकेंगे। प्रदेश भर के 42 केंद्रों में होने वाली परीक्षा को विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी केंद्र में दे सकता है। विवि के इस फैसले से विद्यार्थियों को लंबा सफर नहीं करना पड़ेगा।
विवि ने सभी परीक्षा केंद्रों के वरिष्ठ केंद्र अधीक्षकों को ऐसे छात्रों को आवश्यक दस्तावेज की वेरिफिकेशन के बाद परीक्षा में बैठने की अनुमति देने को लेकर दिशा-निर्देश दे दिए हैं। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि 15 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा में पहले और तीसरे सत्र की नियमित, दूसरे और चौथे सत्र की री-अपीयर की परीक्षाएं होंगी। विद्यार्थियों को केंद्र बदलने की ऑप्शन भी दी गई है।
पीजी डिप्लोमा कोर्स की डेटशीट अलग से जारी करेगा विवि
पीजी परीक्षाओं के साथ पीजी डिप्लोमा कोर्स की परीक्षाएं नहीं होंगी। इसके लिए विवि अलग से परीक्षा शेड्यूल जारी करेगा। ये परीक्षाएं सिर्फ पीजी सेंटर एचपीयू कैंपस में ही होंगी। परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर विवि की वेबसाइट पर जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा।
पीजी कोर्स डेटशीट वेबसाइट पर अपलोड
विवि ने पीजी के सभी कोर्सों की डेटशीट जारी कर दी है। इसे विवि की वेबसाइट पर परीक्षार्थियों के लिए अपलोड कर दिया गया है।