मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी रिलायंस की 4जी सेवा देने वाली सर्विस जियो उपभोक्ताओं के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। इंटरनेट की 4जी स्पीड का आनंद लेने के लिए जिन उपभोक्ताओं ने इस कंपनी के सिम और फोन लिए हैं, अब उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लांचिंग के समय जियो पर 4जी स्पीड का दावा किया गया था लेकिन अब 2जी स्पीड भी नहीं मिल पा रही है। शिमला के अनिल सरस्वती का कहना है कि 4जी स्पीड तो दूर की बात अब साधारण फाइल तक नहीं खुल पा रही है। इतना ही नहीं, फ्री कॉल का दावा भी फेल हो गया है।
अनिल का कहना है कि उनका रिलायंस जियो नंबर 7018703××× है। इस नंबर से सुबह शाम और आफिस ऑवर के दौरान फोन मिलाना मुश्किल हो जाता है। डाटा की स्पीड भी बेहद कम है।
अनिल सरस्वती का कहना है कि हैरत की बात तो यह है कि रिलायंस जियो को लेकर शिकायत सुनने वाला भी कोई नहीं है। कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कोई फोन अटेंड नहीं करता। जिसके चलते उपभोक्ता अपनी परेशानी भी किसी को नहीं बता पा रहे।