वेटरन इंडिया हिमाचल प्रदेश ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पाकिस्तान में युद्धबंदी मेजर सुभाष चंद गुलेरी को छुड़ाने का मामला उठाया है। वेटरन इंडिया में हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधियों ने कहा कि 9 जाट में तैनात मेजर गुलेरी वर्ष 1971 में जम्मू-कश्मीर में छंब जोड़ियां सीमा पर एक आपरेशन के दौरान खो गए थे।
उनका नाम भारत सरकार की ओर से जारी की गई 54 मिसिंग डिफेंस पर्सनल की सूची में भी शुमार है। वेटर्न इंडिया के राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) मनीष धीमान और हिमाचल अध्यक्ष एच लेफ्टिनेंट रमेश कुमार के नेतृत्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को रविवार को एक ज्ञापन दिया गया।
इसमें बताया गया कि वेटरन इंडिया के ध्यान में यह मामला उनके परिजनों की ओर से लाया गया है। मेजर के इंतजार में ही 1991 में उनका देहांत हो गया। अभी तक परिजन आस बांधे हुए हैं कि मेजर गुलेरी की वतन वापसी होगी। कर्नल धीमान ने बताया कि रक्षा मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि आगामी 15 दिनों में इस बारे में कोई आवश्यक कदम उठाया जाएगा।