आने वाले दिनों में इन शिक्षकों को स्कूलों में नियुक्तियां दी जानी थीं, लेकिन चुनाव आचार संहिता लगने के कारण यह नियुक्तियां तीन माह के लिए लटक गई हैं। शिक्षा विभाग ने जेबीटी शिक्षकों के बैचवाइज 1,161 पद भरने के लिए हाईकोर्ट से भी मंजूरी मांगी है। बीते दिनों इस मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बिना मंजूरी परिणाम जारी नहीं करने के आदेश दिए थे। अब संभावित है कि लोकसभा चुनाव के बाद ही इस भर्ती का परिणाम जारी होगा। इसके अलावा सरकार ने बीते दिनों कंप्यूटर साइंस प्रवक्ताओं के 985 पद भरने की भी घोषणा की है। लोकसेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से इन पदों को भरा जाना है। पूर्व में आउटसोर्स पर नियुक्त कंप्यूटर शिक्षकों को इस भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, नियुक्तियां करने के लिए चुनाव आयोग से मंजूरी जरूरी होगी।