हिमाचल प्रदेश प्रारंभिक शिक्षा विभाग के माध्यम से 10 टीजीटी आर्ट्स के पद भरे जा रहे हैं। सामान्य जाति वर्ग के बैकलॉग के पदों के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के माध्यम से जिला स्तर पर साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसके बाद निदेशक कार्यालय में अंतिम मेरिट तैयार होगी।
भर्ती को लेकर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के माध्यम से सामान्य जाति वर्ग से संबंध रखने वाले टीजीटी आर्ट्स अध्यापकों की हो रही भर्ती में 1998 बैच के वही बीएड अध्यापक भाग ले सकते हैं, जिन्होंने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड या हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड के माध्यम से 9-9-2014 से पहले अध्यापक पात्रता परीक्षा पास की हो।
इसके लिए रोजगार कार्यालय से मांगपत्र मांगे जा रहे हैं। इसके अलावा इस बैच के जिन अभ्यर्थियों का 10-11-2014 को साक्षात्कार हो गया है, उन्हें अब साक्षात्कार देने की आवश्यकता नहीं है। किसी कारण 10-11-2014 को साक्षात्कार से चूके अभ्यर्थी इस बार भाग ले सकेंगे।
उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा केएस कटवाल ने बताया कि प्रदेश में सामान्य जाति वर्ग के टीजीटी आर्ट्स के बैकलॉग पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांगड़ा में इसके लिए 25 मार्च को साक्षात्कार लिए जाएंगे। रोजगार कार्यालय से मांग पत्र भी मिल गए हैं।