सूबे में सिविल जज जूनियर डिवीजन के 11 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों की छंटनी हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा प्रतियोगी परीक्षा (एचपीजेएस) से होगी। उक्त परीक्षा राज्य लोक सेवा आयोग लेगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश में शिमला और धर्मशाला सेंटर बनाए गए हैं।
एचपीजेएस की प्री परीक्षा दो मार्च को होगी। परिणाम 15 मार्च को घोषित होगा। 30 मार्च को मेन परीक्षा होगी। उम्मीदवार पांच जनवरी, 2016 तक बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त किसी भी संस्थान से कानून में डिग्रीधारक होना चाहिए। उम्मीदवार की उम्र 22 से 30 वर्ष होनी चाहिए।
एससी/एसटी और ओपीआरसी के लिए उम्र में तीन वर्ष छूट है। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन फार्म के प्रिंट के साथ दसवीं का प्रमाण पत्र, ग्रेजुएशन की डिग्री, डिग्री इन लॉ और जाति प्रमाणपत्र देना होगा। दो उत्तरदायी लोगों से क्रेडेंशियल प्रमाणपत्र भी भेजना होगा। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख पांच जनवरी है।
12 जनवरी तक लोकसेवा आयोग के शिमला स्थित कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन फार्म भेजने होंगे। इधर, एचपीपीएसी के सचिव संजीव पठानिया ने सिविल जज जूनियर डिवीजन के 11 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करने की पुष्टि की है।
ये हैं रिक्तियां- सिविल जज जूनियर डिवीजन के 11 पदों में नौ पद मौजूदा रिक्तियों में से हैं। दो पद भविष्य की रिक्तियों के हैं। नौ पदों में सात अनारक्षित, एक एससी और एक ओबीसी के लिए आरक्षित है। भविष्य की रिक्तियों में दो पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं।