प्रदेश में खोले जाने वाले अटल आदर्श विद्यालयों में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के अलग कैडर की भर्ती के लिए आरएंडपी नियम बनना शुरू हो गए हैं। सरकार ने संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा हितेश आजाद की अध्यक्षता में आरएंडपी नियम बनाने को कमेटी गठित की है। हिमाचल में आवासीय सुविधा वाले 15 अटल आदर्श विद्यालय अधिसूचित हो चुके हैं। प्रदेश सरकार ने नवोदय और केंद्रीय विद्यालय वाले क्षेत्रों में भी इन विद्यालयों को खोलने की मंजूरी दे दी है।
पहले नवोदय और केंद्रीय विद्यालय जिन विधानसभा क्षेत्रों में थे। उनके लिए अटल आदर्श आवासीय विद्यालय मंजूर नहीं होते थे। बीते साल सरकार ने इस शर्त को हटा दिया है। अटल आदर्श विद्यालयों में छठी कक्षा से हॉस्टल सुविधा दी जाएगी। आधुनिक आईसीटी लैब, ऑडिटोरियम, जिम, स्वीमिंग पूल, डिजिटल पुस्तकालय, इंडोर और आउटडोर खेलों के लिए मैदान भी बनेंगे। स्कूल में मेडिकल ऑफिसर, पैरा मेडिकल के पद भी सृजित होंगे। आदर्श विद्यालय में सिर्फ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के बच्चों को ही एडमिशन मिलेगी।
निर्धारित 50 सीटें भरने के लिए अधिक आयु वाले बच्चों को एडमिशन में प्राथमिकता मिलेगी। शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने बताया कि इन स्कूलों में शिक्षकों-गैर शिक्षकों का कैडर अलग होगा। शिक्षक भर्ती नए सिरे से होगी। शिक्षकों का तबादला नहीं होगा। विशेष परिस्थितियों में ही शिक्षक डेपुटेशन पर जा सकेंगे। इन स्कूलों में नर्सरी क्लास से कक्षाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों-गैर शिक्षकों की भर्ती को आरएंडपी नियम बनना शुरू हो गए हैं। अप्रैल के बाद सरकार की मंजूरी को नियम भेजे जाएंगे।