फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: संविधान दिवस पर शिमला के अंबेडकर चौक में धरने पर बैठे रवि कुमार, सीएम से मांगा दो घंटे का समय

Thu, 26 Nov 2026 02:24 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

संविधान दिवस पर गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित शिमला के अंबेडकर चौक पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकारों, आरक्षण, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे उठाए।
विज्ञापन
संविधान दिवस पर अंबेडकर चौक में धरना - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संविधान दिवस के अवसर पर गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित बुधवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, चौड़ा मैदान में विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्रीय विशेष ज्ञापन प्रस्तुत कर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए।

विज्ञापन


रवि कुमार दलित ने मुख्यमंत्री से इन विषयों पर चर्चा के लिए दो घंटे का समय मांगा है। उनका कहना है कि केवल ज्ञापन स्वीकार करने या औपचारिक आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सभी मांगों पर विस्तार से बातचीत और समयबद्ध कार्रवाई की जरूरत है।

अंबेडकर प्रतिमा से आरक्षण तक 13 मांगें
गदर फ्रंट की ओर से मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में पहल करने की मांग शामिल है। इसके अलावा चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर के नाम समर्पित पुस्तकालय को उनके साहित्य, विचारों, संविधान और सामाजिक न्याय के अध्ययन के लिए पूरी तरह समर्पित करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन में अंबेडकर चौक और बाबा साहेब की प्रतिमा की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था और स्थायी रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
विज्ञापन


आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर गदर फ्रंट ने सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों में एससी-एसटी आरक्षण रोस्टर की समीक्षा करने तथा बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की मांग उठाई है।

अत्याचार निवारण कानून और सफाई कर्मचारियों के मुद्दे
ज्ञापन में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने, पीड़ितों को समय पर न्याय, राहत और सुरक्षा देने की मांग की गई है। इसके साथ सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने तथा सेहब समिति के कर्मचारियों की वेतन, रोजगार और सेवा शर्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी शामिल है। गदर फ्रंट ने गरीब और भूमिहीन अनुसूचित जाति परिवारों को शामलात भूमि से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुरूप आवासीय भूमि और पुनर्वास उपलब्ध करवाने की नीति बनाने की मांग रखी है।

अनुसूचित जाति आयोग को वैधानिक शक्तियां देने की मांग
ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग को विधानसभा में कानून बनाकर प्रभावी वैधानिक शक्तियां देने की मांग भी की गई है। गदर फ्रंट के अनुसार आयोग को जांच करने, अधिकारियों को तलब करने और अपनी सिफारिशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करवाने की शक्तियां मिलनी चाहिए। इसके अलावा एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, छात्रावास, उच्च शिक्षा और रोजगारोन्मुखी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में वंचित समाज की समस्याओं के लिए सीधा संवाद स्थापित करने की प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की गई है।
 

Trending Videos
विज्ञापन

रेहड़ी-फड़ी वालों और वाल्मीकि परिवारों का मुद्दा भी उठाया
गदर फ्रंट ने शिमला के छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-फड़ी और फुटपाथ पर आजीविका कमाने वाले लोगों के रोजगार की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम 2014 के अनुसार उनके पुनर्वास और उचित स्थान की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके साथ वाल्मीकि जयंती पर मुख्यमंत्री की ओर से गरीब वाल्मीकि परिवारों के सर्वेक्षण और पुनर्वास को लेकर की गई घोषणा पर अब तक हुई कार्रवाई सार्वजनिक करने की मांग रखी गई। गदर फ्रंट ने पात्र परिवारों को आवास और स्थायी बसावट उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।

संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक की मांग
रवि कुमार दलित ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन मुद्दों पर चर्चा के लिए दो घंटे का समय दिया जाए। उन्होंने प्रस्तावित बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, गृह, कार्मिक, शहरी विकास, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नगर निगम शिमला के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बैठक में प्रत्येक मुद्दे पर निर्णय, समयबद्ध कार्ययोजना और लिखित कार्यवाही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से वाल्मीकि परिवारों के सर्वेक्षण और पुनर्वास संबंधी घोषणा पर हुई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

बोले- हमारा संघर्ष अन्याय और असमानता के खिलाफ
रवि कुमार दलित ने कहा कि उनका संघर्ष किसी जाति, धर्म, समाज या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है, बल्कि जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अन्याय और असमानता के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि गदर फ्रंट सरकार से टकराव नहीं, बल्कि संवाद और समाधान चाहता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर केवल कार्यक्रम आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संविधान में दिए गए अधिकारों को धरातल पर लागू करना भी जरूरी है। रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के साथ गंभीर संवाद का अवसर मिलने तक अंबेडकर चौक पर उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वंचित समाज से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुनने के लिए जल्द दो घंटे का समय दिया जाए। उनका कहना है कि यह समय किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए मांगा जा रहा है जिनकी उम्मीदें सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ी हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें