हवालात में आरोपी की मौत(सांकेतिक)
- फोटो : istock
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पुलिस थाना सुंदरनगर में दर्ज दुष्कर्म मामले में हवालात में बंद आरोपी की जहर खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बुधवार रात को जहर खाया और गुरुवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को इसके बारे में पता चला। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत करार दे दिया। घुमारवीं निवासी आरोपी का पोस्टमार्टम लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में कराया गया है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर गिरफ्तार व हवालात में बंद आरोपी के पास जहर कैसे पहुंच गया। उपमंडल सुंदरनगर की एक विवाहिता ने आरोप लगाए थे कि बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र के रहने वाले आरोपी के साथ उसकी सोशल मीडिया पर करीब दो वर्ष पूर्व दोस्ती हुई थी।
इस दौरान दोनों में बातचीत भी होती रही और आरोपी उसके पति की गैरमौजूदगी में घर पर आता रहता था। महिला के मुताबिक इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि आरोपी उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की भी धमकियां देता था। इसको लेकर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में एफआईआर दर्ज करवाई है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस थाना सुंदरनगर में दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार आरोपी ने हवालात में जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। इस कारण आरोपी की मौत हो गई है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।