चार शुरुआती बल्लेबाजों ने जड़े शतक गोवा के रिकॉर्ड की बराबरी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में हिमाचल और उत्तराखंड के बीच रणजी मैच में हिमाचल के शुरुआती चार बल्लेबाजों ने शतक लगाकर गोवा की टीम के रिकाॅर्ड बराबरी कर ली है। रणजी के इतिहास में गोवा के टीम के चार बल्लेबाजों ने एक पारी में शतक लगाकर यह रिकाॅर्ड बनाया था। धर्मशाला में 11 से 14 अक्तूबर तक हुए मैच में हिमाचल के चार बल्लेबाजों ने शतक लगाकर यह कारनामा किया है। मैच में ओपनर शुभम अरोड़ा ने 178 गेंदों में 118 रन, प्रशांत चोपड़ा ने 383 गेंदों में 171 रन, अंकित कलसी ने 270 गेंदों में नाबाद 205 रन और एकांत सेन ने 124 गेंदों में 104 रन बनाए। हिमाचल की टीम ने पहली पारी में तीन विकेट पर 663 रन बनाकर कर पारी घोषित की।
इसमें बल्लेबाज अंकित कलसी ने अपने रणजी कॅरिअर को पहला दोहरा शतक भी लगाया। इससे पहले रणजी सीजन 2019-20 में गोवा की टीम में 27 से 29 जनवरी 2020 को अरुणाचल के साथ खेले गए मुकाबले में यह रिकाॅर्ड दर्ज किया था। इसमें गोवा के टॉप ऑर्डर के पहले चार बल्लेबाजों ने शतक जड़े थे। ओपनर सुमिरन अमोनकर ने 160 रन, वैभव गोवेकर ने 160 रन, सुमित पटेल ने नाबाद 137 और कप्तान अमित वर्मा ने नाबाद 122 रन की पारी खेलते हुए रणजी में रिकाॅर्ड दर्ज किया। मैच में गोवा की टीम ने पारी और 336 रन से बड़ी जीत भी हासिल की थी। वहीं, धर्मशाला में हिमाचल की टीम ने पारी और 97 रन से उत्तराखंड पर जीत हासिल की।