हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में ड्राइवरों-कंडक्टरों की भर्ती में कथित धांधली का जिन्न फिर बाहर निकल आया है। भर्तियों को लेकर वीरवार को भाजपा के वरिष्ठ विधायक रमेश चंद धवाला ने सदन में एक सवाल पूछा तो परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर मुश्किल में आ गए।
दरअसल, धवाला ने पिछले तीन साल में हुई भर्तियों की पूरी जानकारी मांगते हुए अपात्रों को भी नियुक्ति दिए जाने का सवाल पूछ लिया। इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि उनकी सरकार में हुई भर्ती पारदर्शी तरीके से की गई है। लेकिन धवाला अपने सवाल पर अड़े रहे तो मंत्री हड़बड़ा गए।
हालांकि, जब धवाला ने साल 2016-17 में हुई भर्ती को लेकर स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि इस भर्ती में 70 फीसदी लोग एक ही जिले और एक ही विधानसभा क्षेत्र से चयनित हो गए। ऐसे में क्या उनकी जांच कराई जाएगी। इस पर मंत्री ने कहा कि अगर भर्ती में गड़बड़ी की बात सामने आएगी तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।