भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती। किसान आंदोलन जारी रहेगा। किसान नेता ने कहा कि संगठन में कोई फूट नहीं है। देश के हर राज्य में पहुंचकर स्थानीय किसानों-बागवानों की मांगों पर समस्याओं के निराकरण का संघर्ष करते रहेंगे। पांवटा पहुंचने पर टिकैत ने कहा कि देश के करीब 550 संगठन आंदोलन में साथ खड़े हैं। आंदोलन के लिए 40 सदस्यीय कोर कमेटी भी गठित की गई है।
हर राज्य के मुद्दे और समस्याओं को केंद्र सरकार के सामने रखा जा रहा है। सरकार जब आंदोलनकारी किसानों के साथ बात करेगी, तभी बात बनेगी। किसानों और बागवानों की मांगों को आंदोलन से जोड़ा जा रहा है। किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने और एमएसपी की अपनी मांग पर अडिग है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी, जिलाध्यक्ष हरीराम शास्त्री, इंद्र सिंह राणा, हरप्रीत सिंह, पार्षद डॉ. रोहताश नांगिया, चरनजीत सिंह, हरीश चौधरी, गुरनाम सिंह, प्रदीप, गुरजीत सिंह, परमजीत सिंह मौजूद रहे।