हमीरपुर पहुंचने पर राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : संवाद
राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा है कि मैं न तो मुख्यमंत्री बनने के सपने देखती हूं और न ही मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हूं। मैं उस पार्टी की कार्यकर्ता के तौर पर बहुत खुश हूं, जिस पार्टी का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। पार्टी ने राज्यसभा सांसद और उप सभापति बनाकर बहुत बड़ा सम्मान दिया है। इंदु वीरवार को हमीरपुर में मीडिया से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस छटपटा रही है और लोगों को झूठे प्रलोभन देकर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस की दस गारंटियों पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष के बाद भी कांग्रेस महज 1,500 रुपये का लालच दिखाकर महिलाओं का वोट हासिल करने का प्रयास कर रही है। इस तरह की बातों से वह सत्ता में कामयाब नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि कोविड काल में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपनी सेवाएं दीं। लेकिन कांग्रेस के नेता कहीं नजर नहीं आए।
गोस्वामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने तो यहां तक कहा कि अगर कोविड वैक्सीन लगाएंगे तो नपुंसक, हार्ट अटैक से ग्रसित हो जाएंगे। आज छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री हिमाचल के प्रभारी बनकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। महिलाओं को टिकट के सवाल पर इंदु गोस्वामी ने कहा कि यह हाईकमान के हाथ में है। कांगड़ा जिला भाजपा के नेताओं के बीच चल रहे घमासान पर गोस्वामी ने कहा कि बड़े दलों में इस तरह की छुटपुट घटनाएं चली
रहती हैं।