चुनावी बेला पर दी जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे : गोमा
शिमला। मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा कि चुनावी बेला पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने उन्हें जिम्मेदारी दी है। वह इसे बखूबी निभाएंगे। अगले साल लोकसभा चुनाव हैं। अन्य मंत्रियों और विधायकों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाया जाएगा। कहा कि वह सीएम की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का नारा दिया है। सरकार की ओर से उन्हें जो भी विभाग दिए जाएंगे, उन पर काम होगा। उन्होंने कैबिनेट में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।
अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए सीएम के साथ खड़े : धर्माणी
मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए वह मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं। हिमाचल छोटा राज्य है। मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का नारा दिया है। इसमें मुख्यमंत्री का भरपूर सहयोग किया जाएगा। हिमाचल को संपन्न प्रदेश बनाया जाना है। देश-दुनिया की जो भी बेस्ट प्रैक्टिस होगी, उसे अपनाया जाएगा। अभी सरकार की ओर से विभाग मिलने बाकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय नेतृत्व सहित हिमाचल की जनता का आभार जताया है।