हिमाचल प्रदेश में आने वाले सात दिनों तक झमाझम बारिश होती रहेगी। 29 जुलाई तक मध्यम ऊंचाई और मैदानी इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 29 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में दरमियानी बारिश होगी।
शुक्रवार को राजधानी के अलावा कई जिलों में बारिश हुई। शिमला में 4.0, सुंदरनगर में 0.7, धर्मशाला में 2.4, कांगड़ा 5.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिरमौर, मंडी और चंबा में भी बारिश हुई है। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश से प्रदेश में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
बारिश से दिन के तापमान में भी कमी आई है। शिमला का अधिकतम तापमान 20.5, सुंदरनगर 24.4, भुंतर 30.6, कल्पा 21.8, धर्मशाला 27.2, ऊना 31.6, नाहन 28.2, सोलन 26.7, कांगड़ा 25.3 और मनाली का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि सप्ताह भर प्रदेश में मौसम खराब रहेगा और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को मध्यम ऊंचाई और मैदानी इलाकों में भारी बारिश के मद्देनजर चेतावनी दी है।