हिमाचल के मौसम में दोबारा बदलाव आने जा रहा है। 11 और 12 दिसंबर को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आ रहा है।
10 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। बावजूद इसके धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज हुई।
शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 24.3, बिलासपुर में 24.0, कांगड़ा में 23.9, हमीरपुर में 23.4, सुंदरनगर में 23.2, सोलन-भुंतर में 21.8, नाहन में 21.3, चंबा में 18.7, शिमला में 16.8, धर्मशाला में 15.4, डलहौजी में 12.7, कल्पा में 7.4 और केलांग में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उधर, सुबह और शाम के समय प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। गुरुवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.0, मनाली में माइनस 1.0, कल्पा में माइनस 0.6, भुंतर में 1.3, सुंदरनगर में 2.3, शिमला में 5.2 और धर्मशाला में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।