कोटखाई, रोहड़ू, मशोबरा और रामपुर में भी फसलें तबाह
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में बीते दिनों हुई बारिश-ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। उद्यान विभाग ने जिले में बारिश-ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन किया है। विभाग के अनुसार शिमला जिला में मात्र 3 दिन में करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
उद्यान विभाग के अनुसार जिले में 5,6 और 7 मई को बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। विभाग के अनुसार इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान रोहड़ू -चिड़गांव ब्लॉक में हुआ है। यहां पर तीन दिन में 10.32 करोड़ रुपये की क्षति बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुई है। इसी तरह मशोबरा ब्लॉक में 8.46 करोड़, जुब्बल कोटखाई में 7 करोड़ और रामपुर ब्लॉक में 1.08 करोड़ का नुकसान हुआ है। विभाग के अनुसार जिले में लगातार तीन दिन हुई बारिश और ओलावृष्टि से फल झड़ने, पौधों तथा कई क्षेत्रों में मटर, बीन तथा फूलगोभी आदि सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले मार्च और अप्रैल में भी करोड़ों का नुकसान हो चुका है। विभाग नुकसान का सिर्फ आकलन करता है लेकिन नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा नहीं देता। बागवानों ने मांग करते हुए कहा कि बेमौसमी बारिश-ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान का समय पर उचित मुआवजा देकर नुकसान की भरपाई कर बागवानों को राहत देनी चाहिए।
कोट शिमला जिला में 5,6 और 7 मई को बारिश-ओलावृष्टि से नुकसान है। फील्ड रिपोर्ट के अनुसार जिला में करीब करीब 27 करोड़ के नुकसान का आकलन किया है। विभाग ने नुकसान की जानकारी ईएमआईएस पोर्टल पर अपलोड कर दी है।
-सुदर्शना नेगी, उप निदेशक उद्यान विभाग